अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज बैंकर वैभव रमनलाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुसमी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में थाना कोरांधा क्षेत्र के ग्राम कमलापुर, जवाहरनगर, देवरी एवं करौंधा में गौ तस्करी की रोकथाम तथा साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गौ रक्षा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी कोरंधा उपनिरीक्षक विमलेश सिंह ने कहा कि गौ तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और आमजन के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, पशुओं का अवैध परिवहन अथवा तस्करी संबंधी जानकारी प्राप्त होती है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय पर कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

बैठक के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान समय में अनजान मोबाइल नंबरों से कॉल कर, फर्जी लिंक भेजकर तथा ओटीपी प्राप्त कर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन एवं नजदीकी पुलिस थाना से संपर्क करने की सलाह दी गई।

बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं गौ रक्षा समिति के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में गौ तस्करी की रोकथाम, सामाजिक सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि समाज एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में पंच कोरांधा शैलेश भगत, गौ रक्षक शुभम गुप्ता, अंकित गुप्ता, सचिन गुप्ता सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना, गौ तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!