

बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना परिसर में शनिवार को गौशाला संचालकों, गौ सेवा आयोग के पदाधिकारियों एवं गौसेवकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने की।
बैठक में गौ संरक्षण, पशु तस्करी की रोकथाम तथा पुलिस और गौसेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में गौ सेवा आयोग के जिला सदस्य प्रदीप जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष पंकज गुप्ता, सदस्य शिवकुमार यादव तथा रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन बासेन के संचालक सुरेंद्र यादव सहित अन्य गौसेवक उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पशुओं के साथ अमानवीय और क्रूरता पूर्वक व्यवहार करना कानूनन अपराध है। उन्होंने गौशाला संचालकों एवं गौसेवकों से अपील की कि कहीं भी अवैध पशु परिवहन या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल राजपुर थाना को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पशुओं को सुरक्षित बचाया जा सके।
बैठक में हाल ही में राजपुर पुलिस द्वारा 12 मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई पर भी चर्चा हुई।पुलिस द्वारा जब्त कर मुक्त कराए गए मवेशियों को भी सेवा एवं संरक्षण के लिए रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन को सौंपे जाने का विचार विमर्श किया गया है, संचालक ने जिनकी समुचित देखभाल की बात कही है।
रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन बासेन के संचालक सुरेंद्र यादव ने बताया कि ग्राम बासेन स्थित गौशाला जून 2025 से निरंतर संचालित है, जहां वर्तमान में 256 से अधिक गौवंशों की सेवा एवं देखभाल की जा रही है। पुलिस द्वारा तस्करों के कब्जे से मुक्त कराए गए मवेशियों की भी सेवा एवं देखभाल की जाएगी।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने संचार टुडे सीजीएमपी न्यूज से बात करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पशु तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।





















