

बलरामपुर: जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ग्राम बनापति में निर्माणाधीन पुलिया में दरारों की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल जांच कराई और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विभिन्न माध्यमों से जिले के रामचन्द्रपुर विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बनापति में निर्माणाधीन पुलिया की गुणवत्ता और उसमें दरारें आने को लेकर सूचना प्राप्त हुई थीं। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर त्वरित जांच करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के परिपालन में संबंधित विभाग के तकनीकी अमले द्वारा ग्राम पंचायत बनापति पहुंचकर उक्त निर्माणाधीन पुलिया का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जांच में पाया गया कि वर्तमान स्थिति में पुल का डर्ट वाल बनाया जा रहा है। ढांचे में जो दरारें दिखाई दे रही हैं, वे किसी भी प्रकार का क्रैक स्ट्रक्चरल नहीं हैं बल्कि निर्माण एजेंसी द्वारा जूट के बोरों का उपयोग कर नियमित रूप से तराई नहीं की गई थी, जिसके कारण सतह पर कुछ जगहों पर श्रिंकेज क्रैक पाया गया।
संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्माण स्थल पर डर्ट वाल के अंतिम लिफ्ट की 75 मिमी की पूरी मोटाई को तोड़कर वेयरिंग कोट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्तमान में स्लैब निर्माण के कार्य पर रोक लगा दी गई है और निर्माण साइट पर तराई की पूरी व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





















