

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम डांडकेसरा में पीलिया का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। गांव में पहले तीन मरीजों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रेम सिंह मार्को के निर्देशन में लखनपुर स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहां जांच के दौरान पीलिया के चार नए मरीज सामने आए।
स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान 34 लोगों के रक्त नमूनों की जांच की गई, जिसमें चार लोगों में पीलिया की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सभी मरीजों को उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया।
हालांकि उपचार के दौरान शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब पीलिया से ग्रसित सभी चार मरीज अस्पताल से बिना सूचना दिए फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) ने तत्काल एसडीएम रामराज सिंह को इसकी सूचना दी। एसडीएम ने निर्देश दिए हैं कि मरीजों को खोजकर मैनपाट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया जाए, ताकि उनका समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।इधर, स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए गांव के पेयजल स्रोतों से पानी के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए अंबिकापुर भेजा गया है। अधिकारियों का मानना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के फैलाव के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
गौरतलब है कि गांव में पीलिया के शुरुआती तीन मरीज मिलने के बाद 11 जून को भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष शिविर लगाया गया था। लगातार नए मरीज मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
बीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम आगामी दो से तीन दिनों तक गांव में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच करेगी तथा जागरूकता अभियान भी चलाएगी। शिविर के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी प्रसाद, जितेश मिश्रा, डॉ. भार्गव, अमित सिसोदिया, अनिल तिर्की, आलोक राजवाड़े, रामेश्वर सिंह एवं मितानिन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





















