{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"resize":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}

अंबिकापुर: सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों में नियुक्त नए प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को बेहतर पुलिसिंग, जनसेवा और व्यवहारिक प्रशिक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के आदेशानुसार सरगुजा रेंज के छह जिलों में कुल 78 प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की पदस्थापना की गई है। इनमें सरगुजा में 14, सूरजपुर में 15, बलरामपुर में 16, जशपुर में 13, एमसीबी में 12 तथा कोरिया जिले में 8 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शामिल हैं।

शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित सामान्य बैठक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज  दीपक कुमार झा ने सभी प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से संवाद किया। बैठक में सरगुजा जिले के 14 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य जिलों के प्रशिक्षु अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।बैठक के दौरान आईजी श्री झा ने सभी प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों का परिचय प्राप्त करते हुए उनकी शैक्षणिक एवं अन्य योग्यताओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, थानों के संचालन और मैदानी कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करने और व्यवहारिक अनुभव से सीखने की सलाह दी।

आईजी ने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध विवेचना, साइबर अपराध, सीसीटीएनएस संचालन, बीट पुलिसिंग, संत्री ड्यूटी, न्यायालयीन कार्यवाही, मुल्जिम पेशी, समन-वारंट तामील, गुमशुदगी के प्रकरण, मर्ग जांच तथा महिला एवं बाल अपराधों की गंभीरता से जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रत्येक विषय का गहन अध्ययन कर व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने जनता के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार को पुलिस सेवा की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि पीड़ितों से सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार, महिला एवं बाल मामलों में विशेष सतर्कता, मानवाधिकारों का सम्मान और पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

आईजी श्री झा ने प्रशिक्षण अवधि में अनुशासन, समयपालन, वर्दी की गरिमा और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन को अनिवार्य बताते हुए कहा कि एक सक्षम पुलिस अधिकारी बनने के लिए कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ऐसे अधिकारी तैयार करना है जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, विवेचना और जनसेवा के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, सीएसपी अंबिकापुर  राहुल बंसल एवं रक्षित निरीक्षक  तृप्ति सिंह राजपूत उपस्थित रहे। वहीं रेंज के अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!