बलरामपुर। बलरामपुर जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा।

जानकारी के अनुसार ग्राम लक्ष्मणपुर निवासी अर्जुन राम उर्फ टावर नगेसिया (36 वर्ष) को अपनी पत्नी बजली बिरिजिया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा मृतिका का पोस्टमार्टम कराया गया।

विवेचना में सामने आया कि घटना से पूर्व आरोपी और उसकी पत्नी अलग-अलग साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार से लौटने के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोपी को बताया कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ सो रही है। इस बात से नाराज होकर आरोपी मौके पर पहुंचा और पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने हाथ-मुक्के, पैर और डंडे से पत्नी की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना सामरीपाठ में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!