

बलरामपुर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने देशभर में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम Yoga for Healthy Ageing निर्धारित की गई है।
जारी निर्देशानुसार 14 जून 2026 को प्रातः 6ः15 बजे से 7ः35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकतम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। आयुष मंत्रालय द्वारा टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 भी जारी किया गया है। जहां प्रतिभागी टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन करा सकते हैं और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। साथ ही आयुष मंत्रालय द्वारा योग संगम पोर्टल-2026 भी प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभाग, संस्थाएं एवं संगठन 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों के लिए पंजीयन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग सत्र में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वस्थ्य जीवन शैली को अपनाएं।





















