

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखण्ड के ग्राम पंचायत राई मोहल्ला माझापारा की 60 प्रतिशत दिव्यांग युवती अतवारो देवांगन की समस्याओं को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। वर्षों से तीन पहिया साइकिल और दिव्यांग पेंशन के लिए भटक रही अतवारो की आवाज आखिरकार प्रशासन तक पहुंच गई।सरकारी दावों की खुली पोल ! दिव्यांग अतवारो आज भी पेंशन और साइकिल के लिए दर-दर भटकने को मजबूर... मदद के लिए लगाई गुहार.... आखिर कब मिलेगा उसका हक? नामक शीर्षक खबर प्रकाशित होने के बाद समाज कल्याण विभाग के अधिकारी स्वयं गांव पहुंचे और दिव्यांग युवती व उसके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

गुरुवार को जिला उपसंचालक समाज कल्याण आलोक भवाल के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की टीम राई माझापारा पहुंची। अधिकारियों ने अतवारो देवांगन और उनके परिवार से चर्चा कर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया तथा उनकी वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अतवारो को पिछले एक वर्ष की लंबित दिव्यांग पेंशन की राशि लगभग 6 हजार रुपये प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उनकी आवागमन की समस्या को देखते हुए विभाग द्वारा व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रकाशित समाचार में बताया गया था कि 60 प्रतिशत दिव्यांग अतवारो देवांगन न तो दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर पा रही थीं और न ही उन्हें तीन पहिया साइकिल उपलब्ध हो सकी थी। आर्थिक तंगी और शारीरिक असुविधा के बीच उनका परिवार लगातार सरकारी मदद की प्रतीक्षा कर रहा था।खबर सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों की त्वरित पहल से परिजनों में उम्मीद जगी है। परिवार ने प्रशासन और समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए अपेक्षा जताई है कि घोषित सहायता जल्द धरातल पर भी दिखाई देगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि मीडिया द्वारा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाए जाने पर जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि विभाग द्वारा घोषित सहायता कब तक पूरी तरह उपलब्ध कराई जाती है।




















