जशपुर: जशपुर पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अंबिकापुर ले जाए जा रहे प्रतिबंधित इंजेक्शनों की खेप जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 9 जून की रात सिटी कोतवाली जशपुर की टीम सारूडीह रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को हाथीसार (किनकेल) जंगल के पास छोड़कर फरार हो गया। तत्काल पुलिस मितान टीम को मौके पर बुलाया गया और संयुक्त घेराबंदी की गई।काफी मशक्कत के बाद जंगल में छिपे तीन आरोपियों दीपक लकड़ा, अमन सिंह और आलोक साय को गिरफ्तार कर लिया गया। कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह माल झारखंड के गुमला जिले के तिगरा निवासी मो. शमशेर खान से खरीदा था।

पुलिस ने आगे की जांच में फरार आरोपी अरुण राम को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया, वहीं मुख्य सप्लायर मो. शमशेर खान को भी झारखंड से पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से अतिरिक्त नशीले इंजेक्शन, नकदी और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने Rexogesic (Buprenorphine) इंजेक्शन 865 एमएल, Avill इंजेक्शन की 1200 शीशियां, एक कार, एक मोटरसाइकिल, 6500 रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति और नशीले पदार्थों की कुल कीमत लगभग 3 लाख 98 हजार रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपियों में दीपक लकड़ा, अमन सिंह, आलोक साय, अरुण राम और मो. शमशेर खान शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 177/26 के तहत धारा 21(ग) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर, डीएसपी, थाना कोतवाली पुलिस, पुलिस मितान टीम एवं अन्य पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी हाल में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!