अंबिकापुर:  महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण जिले के मऊदा थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक नई बोलेरो वाहन को सरगुजा पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया। वाहन को लटोरी क्षेत्र के एक ढाबे से बरामद किया गया, जबकि आरोपी को पकड़कर महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 को नागपुर ग्रामीण के मऊदा थाना क्षेत्र से अज्ञात चोर एक नई बोलेरो वाहन (क्रमांक MH 40 BE 4751) चोरी कर फरार हो गया था। घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की और संभावित रूटों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान वाहन के सरगुजा जिले की ओर आने की आशंका पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम अंबिकापुर पहुंची।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरगुजा साइबर सेल को वाहन की तलाश में लगाया गया। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी सहायता और विभिन्न संभावित स्थानों पर जांच-पड़ताल शुरू की। इसी दौरान चोरी की गई बोलेरो लटोरी स्थित एक ढाबे में खड़ी मिली।वाहन की पहचान होते ही पुलिस टीम ने तत्काल ढाबे की घेराबंदी कर कार्रवाई की और वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया। बरामद बोलेरो वाहन भी आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दी गई।

इस सफल कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक जीतेश साहू सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और समन्वय की सराहना करते हुए इसे अंतरराज्यीय पुलिस सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।

इस कार्रवाई से न केवल चोरी गए वाहन की बरामदगी संभव हुई, बल्कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!