

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में जिले में वर्षा काल के दौरान जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी विकासखण्डों के ग्राम पंचायतों में कुओं एवं अन्य पेयजल स्रोतों का निरीक्षण कर उनका क्लोरीनेशन एवं जल शुद्धिकरण प्राथमिकता के आधार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सेक्टर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सबाग अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में पेयजल स्रोतों का शुद्धिकरण किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्षा ऋतु में दूषित पानी के कारण डायरिया, हैजा, टायफाइड एवं अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी कर जल शुद्धिकरण की जा रही है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, पानी को उबालकर पीने, जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा खुले में कचरा न फेंकने के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।





















