

बलरामपुर/ राजपुर। बलरामपुर जिले के थाना राजपुर में मंगलवार को ग्राम कोटवारों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों ने भाग लिया।
सम्मेलन का मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं पर चर्चा की गई:
1. नशामुक्त ग्राम निर्माण हेतु सहयोग :ग्राम कोटवारों को अपने-अपने ग्रामों में अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन एवं बिक्री पर निगरानी रखने तथा इस संबंध में प्राप्त होने वाली जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही स्वयं भी नशे से दूर रहकर ग्रामीणों को जागरूक करने का आग्रह किया गया।
2. सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम: बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन न देने संबंधी जागरूकता फैलाने हेतु कहा गया। दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
3. महिला एवं बाल अपराधों की सूचना:महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह, मानव तस्करी, लैंगिक उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध घटना की जानकारी बिना किसी विलंब के तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
4. असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी: ग्राम में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों तथा बिना पहचान के घूमने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा उनकी जानकारी शीघ्र पुलिस को देने हेतु कहा गया।
5. घुमंतू एवं बाहरी व्यक्तियों की सूचना:ग्राम में अस्थायी रूप से निवास करने वाले घुमंतू परिवारों, बाहरी मजदूरों, फेरीवालों अथवा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जानकारी संकलित कर पुलिस को सूचित करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाई जा सके।
6. साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता: वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए ग्रामीणों को अज्ञात फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन लॉटरी, केवाईसी अपडेट, बैंक खाता बंद होने तथा अन्य प्रकार के साइबर ठगी के तरीकों से सावधान रहने के संबंध में जागरूक करने हेतु कहा गया। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा पुलिस को सूचना देने हेतु बताया गया।
7. कृषि कार्यों के नाम पर हो रही ठगी से सावधानी: बैठक में यह जानकारी साझा की गई कि वर्तमान में कुछ ठग ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर खेत समतलीकरण, मेड़ निर्माण, बोरवेल, आधुनिक खेती, कृषि यंत्र उपलब्ध कराने, सरकारी अनुदान दिलाने अथवा खेती में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर ग्रामीणों से अग्रिम राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी कर रहे हैं। ऐसे व्यक्तियों के झांसे में न आने तथा किसी भी प्रकार की राशि देने से पूर्व संबंधित विभाग एवं पुलिस से सत्यापन कराने हेतु ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
8. सूचना तंत्र को मजबूत करने पर बल: ग्राम में होने वाली किसी भी आपराधिक, सामाजिक अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा पुलिस के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने हेतु सभी कोटवारों को निर्देशित किया गया।

बैठक के अंत में सभी ग्राम कोटवारों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण में सक्रिय सहयोग देने तथा ग्राम स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया गया। उपस्थित कोटवारों द्वारा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।





















