

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र के बेलदागी मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में सोमवार सुबह 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मी लकड़ा (70 वर्ष), पति बैजनाथ लकड़ा, निवासी लखनपुर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे घर में काम करने वाली एक युवती जब मकान पहुंची तो उसने लक्ष्मी लकड़ा को खून से सना हुआ पाया। महिला के शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाई दिए।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।




















