

नारायणपुर: माड़ मैत्री अभियान के तहत रविवार को ग्राम पदमकोट में माड़ मैत्री चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया एवं आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों को छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नवीन कानूनों, नागरिक अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा नालसा हेल्पलाइन के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं को "माड़ मित्र" बनकर समाज और सुरक्षा बलों के बीच सकारात्मक सेतु की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। इसके अलावा यातायात नियमों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई।
आईटीबीपी द्वारा ग्राम पदमकोट को गोद लेकर आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने की घोषणा की गई। इसके तहत गांव में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए ग्रामीणों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आईटीबीपी जवानों ने भाग लिया तथा माड़ मैत्री अभियान की सराहना करते हुए सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास जताया।





















