अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ में 500 से अधिक तहसीलदारों ने आज हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे राजस्व से जुड़े कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। सरगुजा जिले के सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार से मारपीट के आरोप के बाद यह विरोध तेज हो गया है। हड़ताली अधिकारियों ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है।

इसी बीच विधायक रामकुमार टोप्पो ने बयान जारी करते हुए कहा है कि वे स्वयं गिरफ्तारी देने के लिए थाने जा रहे हैं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि कामकाज बाधित करने की जरूरत नहीं है और स्थिति को लेकर अनावश्यक तनाव नहीं फैलाया जाना चाहिए।विधायक ने यह भी कहा कि यह “सुशासन की सरकार” है, जहां उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने में कोई बाधा नहीं आई, इसलिए वे गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले ऐसी कार्रवाई संभव नहीं थी।इधर रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा सहित कई जिलों मे तहसीलदारों की हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कामकाज ठप हो गया है।पूरा विवाद सरगुजा के राजापुर उप तहसील से जुड़ा है, जहां नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इसी मामले में विधायक समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!