

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते जल संकट को देखते हुए कुसमी क्षेत्र के खराब हैंडपंपों एवं बोरिंगों की तत्काल मरम्मत की मांग तेज हो गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल कुसमी के अध्यक्ष उमेश बुनकर ने 27 मई को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के कार्यपालन अभियंता कुसमी के नाम उपस्थित कार्यालयीन कर्मचारी को आवेदन सौंपकर क्षेत्र के खराब पड़े जलस्रोतों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
सौंपे गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि कुसमी क्षेत्र के कई गांवों और बस्तियों में लगे हैंडपंप एवं बोरिंग लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि भीषण गर्मी के कारण जल संकट लगातार गहराता जा रहा है और पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने से बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या को लेकर लोगों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष उमेश बुनकर ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कुसमी क्षेत्र के सभी खराब हैंडपंप एवं बोरिंगों की तत्काल जांच कर मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश देने की भी मांग की गई है। युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और अधिक गंभीर रूप ले सकता है।





















