जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के बेटे आयुष कश्यप हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल को नकाबपोश बदमाशों ने करही गांव स्थित सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर उनके 19 वर्षीय बेटे आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने आयुष के सिर और सीने में गोली दागी थी।

यह पूरा मामला करही गांव के बिर्रा थाना क्षेत्र का है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आयुष अपने पिता का रेत-गिट्टी का कारोबार संभाल रहा था और इलाके में उसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा था। इसी वजह से कारोबारी प्रतिस्पर्धा, पैसों के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते सुपारी देकर हत्या कराई गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार बघेल (23), भूषण बघेल (23) और अमित टंडन (28) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी करही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप की भी हत्या करना चाहते थे। बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में भूषण बघेल ने सम्मेलाल की हत्या के लिए 7 लाख रुपए की सुपारी ली थी, लेकिन उस वारदात को अंजाम नहीं दे सका।

पुलिस के अनुसार आरोपियों पर पहले से कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए हत्या की साजिश रची गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी गुजरात भाग गए थे और वहां काम कर रहे थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ बुलाया, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, मैगजीन, खाली मैगजीन और एक बाइक बरामद की है। मामले का मास्टरमाइंड और कुछ अन्य सहयोगी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!