बलरामपुर। बलरामपुर पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में जिलेभर में जुआ खेलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 18 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार चौकी बलंगी पुलिस ने ग्राम कर्री के जंगल क्षेत्र में रेड कार्रवाई कर आशीष पांडे निवासी कैसारी थाना रघुनाथनगर तथा गुलाबचंद जायसवाल निवासी रमेशपुर थाना रघुनाथनगर को ताश पत्ती से जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। जबकि मौके से अन्य आरोपी फरार हो गए।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 24 हजार 500 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 1 लाख 88 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में अन्य फरार आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!