

जशपुर: जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देते हुए पहले अपने दोस्त पर चाकू से हमला किया और बाद में राह चलते एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान भागलपुर बरटोली निवासी 20 वर्षीय सचिन राम के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) एवं 118(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।घटना 17 मई की बताई जा रही है। पहली वारदात दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब आरोपी सचिन राम अपने परिचित सूरज रजक को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से ग्राम कोमडो लेकर गया। वहां मंदिर के पास आरोपी ने अचानक “मेरा लड़ने का मन कर रहा है” कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से सूरज रजक पर हमला कर दिया। चाकू से उसके माथे और पीठ पर वार किया गया। बचाव के दौरान पीड़ित ने चाकू छीनने का प्रयास किया, जिससे चाकू आधा टूट गया। इसके बाद घायल युवक किसी तरह पास के मंदिर में जाकर छिप गया और आरोपी मौके से फरार हो गया।इसी घटना के करीब एक घंटे बाद आरोपी ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी ने 15 वर्षीय कृष्णा भगत को रास्ते में रोक लिया। कृष्णा भगत नहाने के लिए बाकी नाला स्थित धोबी घाट जा रहा था। बिना किसी विवाद के आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ, लात व मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की। हमले में किशोर के गले, चेहरे और कनपटी में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया, वहीं घायल युवक का उपचार कराया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भागलपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों अपराध स्वीकार कर लिए।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या और चाकूबाजी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।





















