बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज में आम नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए इमरजेंसी डायल 112 सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। अब जिले के लोग किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर कॉल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे। यह सेवा जिलेभर में 24 घंटे सक्रिय रहेगी।

पुलिस विभाग द्वारा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने 10 इमरजेंसी डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं सरगुजा सांसद चितामणी महाराज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और आमजन को संबोधित किया।कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डायल 112 सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, मारपीट, चोरी, महिला सुरक्षा, घरेलू विवाद, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवा सहित अन्य आपात स्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करेगी।उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संकट की स्थिति में बिना घबराए डायल 112 पर संपर्क करें तथा फर्जी या अनावश्यक कॉल करने से बचें, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।

इस दौरान जिला वनमंडल अधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!