नारायणपुर: नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से “माड़ मैत्री समर कैंप” का शुभारंभ 18 मई से किया गया है। यह समर कैंप बच्चों और युवाओं को रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़कर उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस समर कैंप में प्रतिभागियों को डांसिंग, क्राफ्ट एंड आर्ट, पेंटिंग, जूडो एवं मलखंभ जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।समर कैंप के दौरान बच्चों एवं युवाओं को अनुशासन, टीम भावना, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया जा रहा है। पुलिस की इस पहल को बच्चों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।यह समर कैंप 22 मई 2026 तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक डीआरजी प्रशिक्षण परिसर, नारायणपुर में आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से नारायणपुर पुलिस “विश्वास, विकास और सुरक्षा” के उद्देश्य को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पुलिस ने सभी अभिभावकों और बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समर कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!