

रायगढ़: बढ़ती महंगाई और सोना-चांदी की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को शहर के सुभाष चौक स्थित सराफा बाजार क्षेत्र में धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस एवं खाद्य सामग्रियों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग उठाई।
कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत किया गया। धरना प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन एवं ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सराफा व्यवसायियों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। सराफा व्यापारियों ने सोना-चांदी के बढ़ते दामों को कारोबार पर गंभीर असर डालने वाला बताते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद तत्कालीन यूपीए सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित रखा था, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल, गैस, खाद्य सामग्री और सोना-चांदी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम जनता परेशान है और सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नजर नहीं आ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए तथा सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत प्रदान करे, ताकि आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिल सके।
धरना प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, संतोष राय, अरुण गुप्ता, हरेराम तिवारी, विकास ठेठवार, आशीष चौबे, रत्थू जायसवाल, सत्यप्रकाश शर्मा, मदन महंत, मनीष देवांगन, अमृत काटजू, वसीम खान, लोकेश साहू, रवि पांडेय, बरखा सिंह, पदमा चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















