रायगढ़: बढ़ती महंगाई और सोना-चांदी की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर के सुभाष चौक स्थित सराफा बाजार क्षेत्र में धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और सराफा बाजार की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों और सराफा व्यवसायियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन और ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सोना-चांदी की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी से मध्यम वर्गीय परिवारों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद तत्कालीन मनमोहन सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित रखा था, लेकिन वर्तमान मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सोना-चांदी की महंगाई से विवाह और सामाजिक आयोजनों से जुड़े परिवारों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और सराफा कारोबारियों ने केंद्र सरकार से सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस एवं खाद्य सामग्रियों की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश और बढ़ेगा।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, संतोष राय, अरुण गुप्ता, हरेराम तिवारी, विकास ठेठवार, आशीष चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!