केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में आयोजित 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार शाम रायपुर लौटे। राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बैठक को बेहद महत्वपूर्ण और सार्थक बताया।सीएम साय ने कहा कि केंद्र और राज्यों के आपसी सहयोग से विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि बस्तर अब सुरक्षा के साथ-साथ विकास और रोजगार का नया मॉडल बनने जा रहा है।

चार राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे, विकास पर हुआ मंथन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यों और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और टीम भावना के साथ विकास कार्यों को गति देना था।उन्होंने कहा कि परिषद की बैठक सकारात्मक रही और कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

भूपेश सरकार पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले से ही नक्सलवाद खत्म करने के लिए गंभीर थी, लेकिन तत्कालीन भूपेश सरकार ने अपेक्षित सहयोग नहीं दिया।साय ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद केंद्र और राज्य ने मिलकर रणनीति तैयार की, जिसके परिणाम अब जमीन पर दिखाई दे रहे हैं।

सुरक्षा कैंप अब बनेंगे ‘सेवाडेरा’

बस्तर में सुरक्षा कैंपों को ‘सेवाडेरा’ के रूप में विकसित किए जाने के फैसले पर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में स्थापित 200 सुरक्षा कैंपों में से पहले चरण में 70 कैंपों को सेवाडेरा में बदला जाएगा।सीएम साय ने कहा कि इसकी शुरुआत आज एक कैंप से कर दी गई है। इन सेवाडेरा केंद्रों के जरिए स्थानीय लोगों को रोजगार, सरकारी योजनाओं और जरूरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

बस्तर में सुरक्षा से विकास की ओर बढ़ता फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर में केवल सुरक्षा व्यवस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास पर भी बराबर ध्यान दिया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि जिन इलाकों में कभी नक्सल प्रभाव था, वहां अब रोजगार, शिक्षा और सुविधाओं का विस्तार हो।उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बस्तर विकास और शांति की नई पहचान बनकर उभरेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!