

सूरजपुर: जिले में राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुविभागों एवं तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती जमील ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा समय-सीमा से बाहर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
कलेक्टर ने न्यायालयवार राजस्व मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, भू-अर्जन, पट्टा वितरण एवं अभिलेख दुरुस्तीकरण सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए।बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों और मांगों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिला मुख्यालय से बाहर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।





















