

बलरामपुर: कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग एवं संयुक्त टीम के द्वारा अवैध खनिज परिवहन पर बलरामपुर एवं पस्ता क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते हुए कुल चार हाइवा वाहनों को जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में नियमित निगरानी एवं जांच की जा रही थी। इसी दौरान वाहनों की जांच की गई, जिसमें आवश्यक दस्तावेज एवं वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चार वाहनों को जब्त कर खनिज नियमों के अंतर्गत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार खनिज संपदा के संरक्षण के लिए संयुक्त रूप से मॉनिटरिंग करते हुए कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।





















