

बलरामपुर। वन परिक्षेत्र बलरामपुर के बीट मानिकपुर में अवैध लकड़ी तस्करी के मामले में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी मोनाजिर अंसारी, निवासी ग्राम विजयनगर, को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 मई 2026 को रात्रि गश्त के दौरान वन अमले ने एक मोटरसाइकिल एवं पिकअप वाहन में साल प्रजाति के 8 नग लठ्ठे, कुल लगभग 1.915 घन मीटर लकड़ी, बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
वन विभाग द्वारा की गई जांच एवं दबिश के बाद मुख्य आरोपी मोनाजिर अंसारी को गिरफ्तार कर विधि अनुरूप कार्रवाई की गई। इसके पश्चात आरोपी को आज 14 मई 2026 को न्यायालय रामानुजगंज में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा जारी जेल वारंट के आधार पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया है।वन विभाग ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





















