

नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी Central Board of Secondary Education ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 3 प्रतिशत कम है। रिजल्ट के साथ ही छात्रों और अभिभावकों में उत्साह और चिंता दोनों देखने को मिली।
90 और 95 प्रतिशत से ऊपर स्कोर करने वालों की संख्या में बड़ी उपलब्धि
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि 17,113 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा स्कोर किया है। यह दर्शाता है कि टॉप परफॉर्मेंस करने वाले छात्रों की संख्या अब भी मजबूत बनी हुई है।
ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन से तैयार हुआ रिजल्ट
इस बार परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के जरिए किया गया, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने की कोशिश की गई।
रिजल्ट देखने के कई विकल्प, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुविधा
छात्र अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट के अलावा DigiLocker और UMANG ऐप के माध्यम से भी देख सकते हैं। इसके अलावा SMS सेवा के जरिए भी विषयवार अंक प्राप्त किए जा सकते हैं, खासकर तब जब इंटरनेट या सर्वर पर दबाव अधिक हो।हालांकि, ऑनलाइन उपलब्ध स्कोरकार्ड केवल अस्थायी माना जाएगा और छात्रों को अंतिम और मूल मार्कशीट अपने स्कूल से ही प्राप्त करनी होगी।
टॉपर लिस्ट जारी नहीं, मेरिट सिस्टम पर रोक जारी
इस बार भी बोर्ड ने कोई मेरिट लिस्ट या टॉपर सूची जारी नहीं की है। स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी छात्र को स्कूल या जिला स्तर पर टॉपर घोषित न किया जाए, ताकि अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचा जा सके।
लड़कियों का प्रदर्शन फिर बेहतर, ट्रांसजेंडर छात्रों ने किया 100 प्रतिशत पास
रिजल्ट में एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का 82.23% दर्ज किया गया।वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों ने इस बार 100 प्रतिशत सफलता हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।





















