

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के पर्री स्थित बंद पड़े राइस मिल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते गोदाम से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन से चार महीनों के भीतर इसी गोदाम में आग लगने की यह दूसरी घटना है। लगातार दूसरी बार आग लगने से मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। यह घटना सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पर्री स्थित बंद राइस मिल गोदाम की है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





















