जांजगीर-चांपा: जांजगीर-चांपा जिले के भवंतरा गांव में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनके नाती और नातिन शामिल हैं। चारों के शव निर्माणाधीन मकान के भीतर खाट पर पड़े मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे मिस्त्री ने मकान के अंदर मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के शव देखे। इसके बाद तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप और पुलिस को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।

बताया जा रहा है कि परिवार के लोग नए निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे, तभी देर रात अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया।

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हत्या सोते समय की गई है। मामले में पड़ोस के एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!