अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री T.S. Singh Deo ने कांग्रेस संगठन में गुटबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी की बात को स्वीकार तो किया, लेकिन साथ ही इसे सामान्य राजनीतिक और सामाजिक प्रक्रिया बताया।जय-वीरू की जोड़ी जैसे सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “हर परिवार में खटपट होती है, आपके परिवार में भी होती होगी। भाई-भाई के बीच भी मतभेद होते हैं, उसी तरह राजनीतिक दलों में भी अलग-अलग विचारधाराएं और समूह होते हैं।”

TS बाबा ने यह स्पष्ट किया कि कांग्रेस में ऐसी गुटबाजी नहीं है जो पार्टी को नुकसान पहुंचाए या चुनावी परिणामों को प्रभावित करे। उन्होंने कहा कि संगठन के भीतर मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, न कि कमजोरी।

उन्होंने आगे यह भी कहा कि केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों में भी अंदरूनी गुटबाजी और अलग-अलग दावेदारों की स्थिति रहती है। इस संदर्भ में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी कई स्तरों पर नेतृत्व को लेकर प्रतिस्पर्धा और मतभेद देखने को मिलते हैं।

राजनीतिक हलकों में TS बाबा के इस बयान को कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को लेकर एक संतुलित स्वीकारोक्ति के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ता इसे संगठन के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बता रहे हैं।कुल मिलाकर उनके बयान ने एक बार फिर राजनीतिक दलों के भीतर चल रही अंदरूनी समीकरणों को चर्चा में ला दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!