चंडीगढ़ : पंजाब की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। राज्य सरकार ने लंबे इंतजार के बाद स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। जारी अधिसूचना के मुताबिक, चुनावी प्रक्रिया 31 मई से पहले पूरी कर ली जाएगी।

26 मई को मतदान, 29 मई को आएंगे नतीजे

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि मतदान 26 मई को होगा, जबकि 29 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

इन शहरों में होगा सीधा मुकाबला

अधिसूचना के अनुसार जिन प्रमुख नगर निगमों में चुनाव होने हैं, उनमें बटाला, पठानकोट, कपूरथला, होशियारपुर, एसएएस नगर मोहाली, बठिंडा, अबोहर और मोगा शामिल हैं। इसके अलावा बरनाला सहित कई नगर कौंसिलों में भी मतदान कराया जाएगा।

नामांकन से लेकर वापसी तक पूरा शेड्यूल जारी

चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नामांकन ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार:

  • नामांकन: 13 से 16 मई (सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक)
  • जांच प्रक्रिया: 18 मई
  • नाम वापसी की अंतिम तारीख: 19 मई

राज्य में कुल 2019 वार्डों के लिए 3977 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

निष्पक्ष चुनाव के लिए कड़े इंतजाम

चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए करीब 35,500 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी होगी और रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में उम्मीदवार के साथ केवल 4 लोगों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।

उम्मीदवारों के लिए सख्त नियम: हर जानकारी देनी होगी

नामांकन के साथ उम्मीदवारों को शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा, जिसमें उन्हें अपनी चल और अचल संपत्ति के साथ-साथ आपराधिक मामलों का पूरा विवरण देना होगा।

तेज हुई राजनीतिक हलचल, रणनीति बनाने में जुटे दल

चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न राजनीतिक दल अब अपने उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!