मध्य प्रदेश : इंदौर शहर के नवलखा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां तीन इमली चौराहे के पास स्थित एक निजी पार्किंग में भीषण आग लग गई। इस आग में एक के बाद एक 5 निजी बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

आग की लपटों ने लिया विकराल रूप, दूर तक दिखा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें लगभग 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।

मरम्मत के दौरान निकली चिंगारी बनी आग की वजह
जानकारी के मुताबिक घटना के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। एक बस में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने पास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

चार धमाकों से दहला इलाका, जांच में जुटा प्रशासन
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के दौरान चार बड़े धमाके भी सुने गए। आशंका जताई जा रही है कि यह धमाके बसों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से हुए होंगे, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बड़ी कार्रवाई टली, 15 से ज्यादा बसें सुरक्षित हटाई गईं
हादसे के समय पार्किंग में अफरातफरी मच गई। आसपास रिहायशी इलाके होने के कारण लोग डरकर बाहर निकल आए। तुरंत कार्रवाई करते हुए 15 से ज्यादा बसों को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काबू पाने के बाद भी पूरे इलाके में धुआं और गर्मी का असर बना रहा।

अवैध पार्किंग को लेकर उठे सवाल, धरने पर बैठे पार्षद
घटना के बाद स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है। क्षेत्रीय पार्षद मनीष शर्मा मौके पर धरने पर बैठ गए और नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में अवैध बस पार्किंग और मरम्मत कार्य को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जांच में जुटा प्रशासन, नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की वजह से तो यह हादसा नहीं हुआ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!