

नई दिल्ली : आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आयोजित सीधा प्रसारण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में पूजा अर्चना और जलाभिषेक कर भगवान महादेव से देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व बना राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक आयोजन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्षों को समर्पित है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पूरे देश ने इस ऐतिहासिक पर्व को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया।
सोमनाथ मंदिर भारतीय आस्था और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह भारत की अखंड आस्था, सांस्कृतिक स्वाभिमान और आध्यात्मिक शक्ति का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बार बार हुए आक्रमण और विध्वंस के बावजूद इसका पुनर्निर्माण यह साबित करता है कि भारत की संस्कृति और सनातन चेतना कभी समाप्त नहीं हो सकती।
भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का दौर
रेखा गुप्ता ने कहा कि आज का समय भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर केदारनाथ मंदिर और महाकाल लोक से सोमनाथ तक, देश में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
गणमान्य नेताओं और श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मंजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस आयोजन को भारत की सांस्कृतिक एकता और आस्था का प्रतीक बताया।





















