

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती की फोटो के साथ अभद्र टिप्पणी पोस्ट करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में साइबर सेल अंबिकापुर और मेटा कंपनी की मदद से आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया और अपमानजनक कमेंट के साथ पोस्ट वायरल कर रहा है। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी।शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल अंबिकापुर ने इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई। मेटा कंपनी से प्राप्त डिटेल में संबंधित अकाउंट में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल शिवम सिन्हा पिता नंदकेश्वर सिन्हा निवासी दरिमा रोड कांतिप्रकाशपुर, जिला सरगुजा के नाम पर पाया गया।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित फोटो, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। इसके बाद मोबाइल जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर सेल से आरक्षक अमन पुरी और रमेश रजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















