Damoh जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानी रिश्तों को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। इमलिया चौकी क्षेत्र के महाकच्छ गांव में एक महिला ने अपने ही भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद इस वारदात की वजह बना।

बहला-फुसलाकर साथ ले गई, फिर रची खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला अपने पति के साथ अलग रहती थी और पैतृक मकान में हिस्सा मांग रही थी। इसी विवाद के बीच उसने देवरानी के बेटे को निशाना बनाया। आरोप है कि महिला बच्चे को बहाने से अपने साथ ले गई, पहले सामान्य बातचीत करती रही और फिर उसे कीटनाशक पिला दिया।

जहर से नहीं हुई मौत तो गला दबाया, पहचान मिटाने की भी कोशिश
जानकारी के मुताबिक, कीटनाशक देने के बाद भी जब बच्चे की मौत नहीं हुई, तो महिला ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए उसने पत्थर से सिर कुचल दिया, ताकि शव की पहचान न हो सके।

गोबर के ढेर में छिपाया शव, ऐसे खुला पूरा राज
हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को बोरे में भरकर गांव के बाहर गोबर के ढेर में दबा दिया। जब बच्चा अचानक गायब हुआ तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मां ने मांगी कड़ी सजा, गांव में दहशत का माहौल
पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और डर का माहौल है। मृतक बच्चे की मां ने आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!