पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज बड़ा कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार दोपहर 12:10 बजे पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में होगा, जहां NDA के कुल 27 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

शपथ ग्रहण से पहले बीजेपी कोटे से मंत्री बनने वाले नेताओं की सूची भी सामने आ गई है। इनमें ई. शैलेंद्र, संजय टाइगर, विजय सिन्हा, नीतीश मिश्रा, श्रेयसी सिंह, दिलीप जायसवाल, अरुण शंकर प्रसाद, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान और मिथिलेश तिवारी के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केवल दो डिप्टी सीएम विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने शपथ ली थी। इसके बाद से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। जानकारी के मुताबिक बीजेपी और जदयू के बीच मंत्री पदों का बंटवारा लगभग बराबरी पर किया गया है। सूत्रों के अनुसार बीजेपी से 12, जदयू से 11, एलजेपी (आर) से 2 तथा हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं, छह मंत्री पद फिलहाल खाली रखे जाने की संभावना है।

बिहार विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर मुख्यमंत्री सहित कुल 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में आज का विस्तार राज्य की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक मेगा रोड शो भी प्रस्तावित है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार शाम पटना पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी और NDA नेताओं के साथ बैठक की। पटना पहुंचने के बाद अमित शाह ने राजबंसी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में दर्शन भी किए।

समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बिहार की नई सरकार के इस मंत्रिमंडल विस्तार पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!