

रायपुर: राजधानी में संदिग्ध पार्सल के जरिए भारी नकदी भेजे जाने का मामला सामने आया है। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में स्थित अशोका मिलेनियम प्लाजा के हंस ट्रेवल्स कार्यालय से पुलिस ने 16 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को 6 मई 2026 को सूचना मिली थी कि कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध वस्तु हो सकती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।निर्देश के बाद थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन सफेद बोरों में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद रकम में 20 रुपये के नोटों की 400 गड्डियां और 10 रुपये के नोटों की 800 गड्डियां शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 16 लाख रुपये है।पुलिस ने इस मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचना भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था।मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।





















