अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी-राजपुर मुख्य मार्ग पर 3 मई 2026 की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार बॉक्साइट लोड ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के दो दिन बाद इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है, लेकिन अब तक आरोपी ट्रक चालक फरार है।

रात 11 बजे हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी..

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार 3 मई की रात करीब 11 बजे ऊपर कुसमी स्थित आशीर्वाद ढाबा के पास हुई। सामरी क्षेत्र से बॉक्साइट लोड कर उत्तर प्रदेश के रेणुकूट की ओर जा रहा ट्रक (क्रमांक CG 15 EC 8144) नो-एंट्री समय समाप्त होने के बाद मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रहा था। इसी दौरान उसने सामने से आ रही मोटरसाइकिल (CG 30 E 5535) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

एक युवक ने तोड़ा दम, दूसरा गंभीर..

घायलों की पहचान ग्राम पंचायत करकली अंतर्गत डाढ़टोली निवासी अमितेष उर्फ चीकू उरांव (20 वर्ष) एवं उसके साथी मंदीप भगत (20 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों को तत्काल कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल अमितेष उरांव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मंदीप भगत के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर किया गया है। उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

दो दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर, ट्रक चालक वाहन सहित फरार..

घटना के बाद परिजन घायलों के इलाज में व्यस्त रहे, जिसके चलते रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। अंततः 5 मई 2026 को थाना कुसमी में FIR क्रमांक 0043/2026 दर्ज की गई। शिकायतकर्ता खुल्लू राम भगत की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 281, 125(a) एवं 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हालांकि अब पुलिस फरार चालक और ट्रक की तलाश में जुटी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई लापरवाही..

घटना के चश्मदीदों के अनुसार, ट्रक अत्यधिक तेज गति से और लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बाइक को सीधी टक्कर लगी। टक्कर के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर भाग निकला।

बॉक्साइट परिवहन पर फिर उठे सवाल..

यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में बॉक्साइट परिवहन से जुड़े भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय नियमों की अनदेखी कर भारी वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। वहीं घटना के बाद भी मृतक के परिजनों को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिलने से नाराजगी है।

जांच जारी, कार्रवाई का इंतजार..

फिलहाल कुसमी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोगों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!