रायपुर: रायगढ़ जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 85 लीटर महुआ शराब तथा 225 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

सहायक आयुक्त आबकारी के मार्गदर्शन में 4 मई को आबकारी वृत्त घरघोड़ा क्षेत्र में टीम द्वारा सघन छापेमारी की गई। इस दौरान देवगांव निवासी 37 वर्षीय कार्तिक कुंवर को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 हजार रुपए आंकी गई है। प्रकरण में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेजा गया।

इसी क्रम में ग्राम सोहाई के जंगल क्षेत्र में अवैध शराब भट्टी संचालित होने की सूचना पर विभाग द्वारा छापामार कार्रवाई की गई, जहां से लगभग 75 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब एवं 225 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। आबकारी विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जांच पड़ताल और कार्यवाही का यह अभियान जारी रहेगा। 

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!