अंबिकापुर: सरगुजा जिले में एक महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक पर छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और शादी तुड़वाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राध्यापक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि शासकीय राजमोहिनी कन्या महाविद्यालय के इतिहास विषय के सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्र किशोर कौशल वर्ष 2025 से उसे व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजते थे। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी ने अश्लील फोटो और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए परेशान करना शुरू कर दिया।पीड़िता ने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर घटना की जानकारी अपने परिजनों और महाविद्यालय प्रबंधन को दी थी। शिकायत के बाद भी आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं और वह लगातार मानसिक दबाव बनाता रहा। आरोप है कि पीड़िता की 1 मई 2026 को होने वाली शादी को भी आरोपी ने वर पक्ष को भ्रमित कर तुड़वा दिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 27 फरवरी 2026 को आरोपी अपने साथियों के साथ उसे सुनसान स्थान पर ले गया और वहां से दो मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। लगातार प्रताड़ना और सामाजिक दबाव से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।मामले में थाना कोतवाली अंबिकापुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाश की। इसी दौरान आरोपी ने न्यायालय अंबिकापुर में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद न्यायालय की अनुमति से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान डॉ. चंद्र किशोर कौशल (30 वर्ष), निवासी बाबूपारा अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पूरे मामले की विवेचना में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!