

जशपुर: जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 नग गौवंश को सकुशल बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई थाना फरसाबहार क्षेत्र के ग्राम बनगांव में की गई।
पुलिस के अनुसार 3 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जंगल के रास्ते गौवंशों को मारते-पीटते हुए पैदल उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही फरसाबहार पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।पुलिस ने मौके से 12 नग गौवंशों को बरामद करते हुए आरोपी लड्डू राउत (56 वर्ष) निवासी ग्राम खरहागुड़ा, थाना बागबहार, जिला जशपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी गौवंशों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।थाना फरसाबहार में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ग्राम साईं टांगर टोली के एक व्यक्ति के कहने पर गौवंशों को बनडेगा होते हुए उड़ीसा ले जा रहा था। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है।पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक विनोद साय, सुख शरण साय, आरक्षक नीरज तिर्की, नगर सैनिक निर्दोष केरकेट्टा, शिवनंदन साय एवं सुधीर राम की अहम भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





















