

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिला के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और अपने ही दो साल के मासूम बेटे को जंगल में छोड़कर फरार हो गया।यह घटना न सिर्फ इलाके में दहशत का कारण बनी, बल्कि पूरे क्षेत्र में आक्रोश भी फैल गया।
चरित्र पर शक बना हत्या की वजह, सुनसान जंगल में दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, रायसेन जिले के बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हीमोतिया निवासी राजेंद्र अहिरवार अपनी पत्नी ज्योति के चरित्र पर शक करता था।दो दिन पहले आरोपी मोबाइल लेने का बहाना बनाकर पत्नी और अपने दो साल के बेटे को बाइक से साथ ले गया। लेकिन वह बेगमगंज की बजाय विदिशा जिले के जंगल क्षेत्र में पहुंच गया।सुनसान जगह पाकर उसने पत्थर से पत्नी के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और मासूम बेटे को जंगल में छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस की तत्परता से बड़ा सर्च ऑपरेशन, 12 थानों की टीम जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और बच्चे को जंगल में छोड़ने की बात भी कबूल की।इसके बाद रायसेन और विदिशा जिले के करीब 12 थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से रातभर जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया।
सुबह मिली राहत, मासूम बच्चा सुरक्षित बरामद
लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह के समय मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।
इलाके में दहशत और आक्रोश, आरोपी से पूछताछ जारी
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और आगे की पूछताछ जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

































