

सूरजपुर: सूरजपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर चौकी लटोरी पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 नग अंग्रेजी शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार 7 अगस्त 2026 को चौकी लटोरी पुलिस ग्राम भ्रमण और सड़क पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम द्वारिकानगर की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में काफी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने लटोरी बाजार चौक के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामकुमार पिता शिवबालक, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम तुलसी बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 180 एमएल की 35 नग अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल कीमत करीब 5,250 रुपये बताई गई है, बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने शराब को दुकान से खरीदकर फुटकर बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। शराब के परिवहन और खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह, एएसआई मानिकदास, आरक्षक संतोष जायसवाल और सुनील एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











