

अंबिकापुर: सीतापुर में नाबालिग बच्चियों के साथ हुई सामूहिक बलात्कार की अत्यंत निंदनीय एवं हृदयविदारक घटना के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी, जिला सरगुजा के जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के निर्देश पर भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अधिवक्ता जन्मेजय पाण्डेय द्वारा एक आपात बैठक आयोजित की गई बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यानंद मिश्रा, प्रदेश सदस्य अरविंद कन्नौजिया, संजीव कुमार सेठ , सहित धनंजय मिश्रा, उनमेश तिवारी, अमरेंद्र गुप्ता, अश्वनी पाण्डेय एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं एवं पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए पीड़ित बच्चियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की। सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता गण उक्त जघन्य अपराध के आरोपियों की किसी भी प्रकार से पैरवी नहीं करेंगे। बैठक में यह भी कहा गया कि इस प्रकार के अमानवीय कृत्य समाज में असहनीय हैं और ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने प्रशासन से भी अपेक्षा की है कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित कर दोषियों को शीघ्र न्यायालय के माध्यम से दंडित कराया जाए। भाजपा सरगुजा सदैव पीड़ितों के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी।

































