सूरजपुर। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रमकोला पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को थाना रमकोला पुलिस थाना परिसर के सामने वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम दुलदुली की ओर से एक किया क्रेन्स कार क्रमांक CG 15 EK 0367 आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर ग्राम धुरिया के पास वाहन को रोक लिया।

वाहन चालक ने अपना नाम संजय कुमार पिता रामचरण उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम दुलदुली बताया। पुलिस द्वारा पूछताछ और वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर सफेद रंग के बोरे में भरकर रखी गई अंग्रेजी शराब मिली। आरोपी ने बिक्री के उद्देश्य से शराब परिवहन करना स्वीकार किया।

तलाशी के दौरान बोरे में कुल 100 नग गोवा अंग्रेजी व्हिस्की पाई गई। पुलिस द्वारा शराब दिखाने कहने पर आरोपी ने एक कार्टून जमीन पर पटक दिया, जिससे उसमें रखी 16 नग शराब की बोतलें टूटकर बह गईं। इसके बाद शेष 84 नग अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार 80 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी से शराब रखने, परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रमकोला हीरालाल साहू, प्रधान आरक्षक जगमण्डल लकड़ा, आरक्षक सोहन नेताम, मोतीलाल यादव, सैनिक रामाशंकर एवं रामोधार की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!