Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल में ट्रैफिक सिपाही और प्रभारी के बीच विवाद गहरा गया है. जब मामला बढ़ता ही जा रहा था, तो पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान में लेते हुए ट्रैफिक सिपाही और प्रभारी दोनों को लाइन हाजिर कर दिया. इसके साथ ही जांच के भी आदेश दिए हैं. यह विवाद सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है. जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मंगलवार के दिन संभल में ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान औचक निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान वे लहरावन गांव के पास बनी चौकी का निरीक्षण किया, तो पाया कि वहां पर कोई भी सिपाही मौजूद नहीं है. इस दौरान उन्होंने गैरहाजिरी की रपट लिख दी. जिसके बाद सिपाही और प्रभारी के बीच विवाद हो गया. हालांकि सिपाही ने दावा किया कि उनका पेट खराब था. इसलिए पेट्रोल-पंप पर शौच के लिए गए थे, लेकिन यह सुनते ही प्रभारी ने कुछ ऐसा कह दिया, जो सिपाही को नागवार गुजरा और विवाद बढ़ता ही चला गया.

प्रभारी ने क्या कहा?

ट्रैफिल प्रभारी ने सिपाही के दावे को लेकर कहा कि तुम्हारी पॉटी का ठेका नहीं ले रखा है. इसके बाद गुस्साए सिपाही ने प्रभारी की चिट्ठा खोलना शुरू कर दिया. सिपाही ने दावा किया कि प्रभारी दुष्यंत बालियान अवैध ट्रकों का संचालन करवाते हैं. कांवड़ यात्रा के दौरान मिट्टी से लोड ट्रक का चालान काट दिया था, जिसकी वजह से वे काफी नाराज हो गए और उसी का बदला लेने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया.

SP ने किया लाइन हाजिर

सिपाही और प्रभारी के बीच शुरू हुआ यह विवाद सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा, तो संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सिपाही और प्रभारी दोनों को लाइन हाजिर कर दिया. इसके साथ ही विभागीय जांच के भी आदेश दिए. एसपी का कहना है कि विभागीय जांच के बाद ही सच सामने आएगा. फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर खूब वायरल है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!