

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्प्रेरण के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मृतिका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और चरित्र पर संदेह जताते हुए अपमानित करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धनगवां निवासी युवती ने 19 सितंबर 2025 को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मर्ग जांच के दौरान परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि मृतिका का झारखंड निवासी गुलाम रसूल (22) से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी।घटना वाले दिन आरोपी ने युवती को कई बार फोन कर गाली-गलौज की और उसके चरित्र पर शंका जताते हुए अपमानजनक बातें कही। इससे आहत होकर युवती ने फोन काटने के तुरंत बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि गंभीर अपराधों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

































