

मध्य प्रदेश : के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तमिलनाडु के राशिपुरम विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार के समर्थन में जोरदार रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने जनता से एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की और विपक्षी दलों डीएमके तथा कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
महिला आरक्षण बिल और विपक्ष पर सीधा वार
सीएम मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विपक्ष ने मिलकर महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि विपक्ष नहीं चाहता कि कोई गरीब, किसान या सामान्य परिवार की बेटी संसद या विधानसभा तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि यह सोच महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ है।
प्रधानमंत्री मोदी और तमिलनाडु का संबंध बताया मजबूत
Narendra Modi की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिल में तमिलनाडु और तमिल भाषा के प्रति गहरा सम्मान है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, जयललिता और कार्टूनिस्ट आरके लक्ष्मण को भी श्रद्धांजलि दी।सीएम ने यह भी कहा कि देश के विकास में तमिलनाडु की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
वित्तीय और प्रशासनिक नेतृत्व का भी किया जिक्र
उन्होंने कहा कि देश की वित्तीय जिम्मेदारी केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के हाथों में है और विदेश मंत्री एस. जयशंकर तमिलनाडु के गौरव हैं। उन्होंने दावा किया कि देश और तमिलनाडु दोनों तेज गति से विकास की ओर बढ़ रहे हैं।
DMK और कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप
DMK और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि दोनों दल परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करते हैं। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि इन दलों की राजनीति केवल सत्ता और लाभ तक सीमित है।
राशिपुरम की समस्याओं को बनाया मुद्दा
सीएम ने क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां पीने के पानी और सिंचाई की गंभीर कमी है। उन्होंने कहा कि जो सरकार मूलभूत सुविधाएं नहीं दे सकती, उसे बदलने की जरूरत है।
एनडीए की जीत का दावा, जनता से अंतिम अपील
अंत में मोहन यादव ने जनता से अपील करते हुए कहा कि माहौल एनडीए के पक्ष में है और 4 मई को भारी जीत दर्ज की जाएगी। उन्होंने समर्थकों से मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
































