रायपुर : से बड़ी खबर सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापम ने बढ़ते तापमान को देखते हुए परीक्षा समय में अहम बदलाव किया है। अब प्रदेश में आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।यह निर्णय लगातार बढ़ती गर्मी और परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

26 अप्रैल की परीक्षा में भी लागू होगा नया समय

Chhattisgarh Professional Examination Board द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 26 अप्रैल को होने वाली छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मंडल अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 भी इसी नए समय में आयोजित की जाएगी।व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र का एक दिन पहले अनिवार्य रूप से अवलोकन करना होगा, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।

दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य, 9:30 बजे बंद होंगे गेट

निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। इससे फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सकेगी।सुबह 9:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

ड्रेस कोड पर सख्ती, हल्के रंग के कपड़े ही मान्य

व्यापम ने परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी तय किया है। परीक्षार्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे।काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़ों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा और अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही अनुमति दी जाएगी।

फुटवियर और आभूषण पर भी रोक

परीक्षा में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा किसी भी तरह का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ या अन्य सामान ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।

अनुचित साधनों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

व्यापम ने साफ किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता तुरंत समाप्त कर दी जाएगी।परीक्षा के दौरान केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के उपयोग की अनुमति होगी।

गर्मी के बीच सुरक्षित और व्यवस्थित परीक्षा पर जोर

नए नियमों के साथ व्यापम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बढ़ती गर्मी के बावजूद परीक्षा प्रक्रिया सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!